भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के दो वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारियों में चीफ इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) और सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) शामिल हैं।
सीबीआई ने दी जानकारी
CBI के मुताबिक, दोनों अधिकारियों पर जबलपुर स्थित एक फर्म के संचालक से लंबित बिलों को मंजूरी और प्रोसेस करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। मामला BSNL के ऑपरेशन एंड कॉमन मेंटेनेंस (OCM) तथा इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन से संबंधित कार्यों के भुगतान बिलों से जुड़ा बताया जा रहा है।

फर्म संचालक से की थी मांग
आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने फर्म संचालक से अलग-अलग 2-2 लाख रुपये, यानी कुल 4 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद CBI ने 27 अगस्त को प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की योजना बनाई। CBI की ट्रैप टीम ने कार्रवाई के दौरान दोनों अधिकारियों को 75-75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी के अनुसार, यह राशि कुल मांगी गई रिश्वत की पहली किस्त के रूप में दी जा रही थी।
तथ्यों की जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद CBI ने आरोपियों से जुड़े भोपाल, लखनऊ और कानपुर स्थित आवासीय और कार्यालय परिसरों में तलाशी अभियान शुरू किया। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।







