डेस्क। फेसबुक और इंस्टाग्राम इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए बड़ी खबर है। अब सोशल मीडिया पर ब्लू टिक पाना आसान होने वाला है। मेटा ने नई वेरिफिकेशन सेवा की घोषणा की है, जिसके तहत कोई भी यूजर मासिक शुल्क देकर अपना अकाउंट वेरिफाई करा सकता है।
अब आम यूजर्स भी खरीद सकेंगे ब्लू टिक
अब तक फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ब्लू टिक केवल राजनेताओं, अभिनेताओं, पत्रकारों और चर्चित लोगों को मिलता था। लेकिन नई व्यवस्था के बाद आम यूजर्स भी ब्लू टिक के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए यूजर्स को सरकारी पहचान पत्र जमा करना होगा, जिसके बाद उनका अकाउंट वेरिफाई किया जाएगा।
वेब और iOS यूजर्स के लिए अलग कीमत
मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग के मुताबिक, वेब यूजर्स को ब्लू टिक के लिए हर महीने 11.99 डॉलर यानी करीब 1,000 रुपये खर्च करने होंगे। वहीं iOS यूजर्स को 14.99 डॉलर यानी करीब 1,240 रुपये प्रति माह चुकाने होंगे। कंपनी ने इसे सब्सक्रिप्शन आधारित सेवा बताया है।
ब्लू टिक के साथ मिलेंगी कई सुविधाएं
मेटा वेरिफाइड सेवा लेने वाले यूजर्स को केवल ब्लू टिक ही नहीं मिलेगा, बल्कि अकाउंट की अतिरिक्त सुरक्षा भी मिलेगी। इसके अलावा फर्जी अकाउंट से सुरक्षा और कस्टमर सपोर्ट टीम तक सीधी पहुंच भी दी जाएगी। कंपनी का कहना है कि इस सेवा से यूजर्स की पहचान को अधिक सुरक्षित बनाया जा सकेगा।
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड से हुई शुरुआत
मेटा ने इस सेवा की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड से की है। आने वाले समय में इसे अन्य देशों में भी शुरू किया जाएगा। नई सुविधा के बाद अब फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ब्लू टिक पाना केवल प्रसिद्ध लोगों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम यूजर्स भी भुगतान करके इसे हासिल कर सकेंगे।
ये खबर भी पढ़ें..







