इंदौर में आज भाजपा के संगठनात्मक महाअभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की जा रही है. यह विशेष सत्र पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के अंतर्गत रखा गया है, जिसका उद्देश्य जिला स्तर पर होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए विषय विशेषज्ञ वक्ताओं को तैयार करना है.
कौन सब हुआ शामिल
शहर के डेली कॉलेज में हो रही इस पश्चिम मध्य क्षेत्रीय कार्यशाला में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्हें मार्गदर्शन दिया.
कहां के कार्यकर्ता ले रहे हैं हिस्सा
इस कार्यक्रम को अलग-अलग सत्रों में आयोजित किया गया है. कार्यशाला में मध्य प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा, दमन-दीव और दादरा एवं नगर हवेली से आए कुल 348 से ज्यादा कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं. दरअसल, इस महाअभियान के तहत मंडल स्तर के प्रशिक्षण पहले ही पूरे किए जा चुके हैं और अब जिला स्तर पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाने हैं. इसी तैयारी के तहत यह कार्यशाला रखी गई है, ताकि प्रशिक्षित वक्ताओं के जरिए संगठन को और मजबूती मिल सके.
कार्यक्रम को लेकर खास इंतजाम
कार्यक्रम को लेकर डेली कॉलेज में खास इंतजाम किए गए हैं. पूरे परिसर को भगवा रंग से सजाया गया है. साथ ही, प्रशिक्षण में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन बाहर ही जमा कराए जा रहे हैं, जिन्हें सत्र समाप्त होने के बाद ही वापस किया जाएगा.







