MP Gyaneswar Patil: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। खंडवा-बुरहानपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के बड़े भाई विश्वनाथ पाटिल जिन्हें शहर में बाडू भाई के नाम से जाना जाता था ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर ली है। इस खबर के बाद पूरे जिले और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
बड़े व्यापारी थे बाडू भाई
जानकारी के अनुसार विश्वनाथ पाटिल केवल सांसद के भाई ही नहीं, बल्कि बुरहानपुर के बड़े व्यवसायियों में से एक थे। वे केले के बड़े और जाने-माने व्यापारी के रूप में अपनी पहचान रखते थे। विश्वनाथ पाटिल ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने उनके परिजनों और करीबियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।







