भोपाल में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया जा रहा है. शहर में पीएम ई-बस सेवा का विस्तार होने जा रहा है. आज से 10 नई ई-बसें सड़कों पर दौड़ेंगी. इसके साथ ही राजधानी में पीएम ई-बसों की संख्या बढ़कर 30 हो जाएगी. बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को खासकर व्यस्त समय में राहत मिलने की उम्मीद है. पीक आवर्स के दौरान अब बसों के बीच का अंतर करीब 10 से 15 मिनट रहने की संभावना है.
तीन चरणों में बढ़ाया गया ई-बसों का बेड़ा
भोपाल में पीएम ई-बस सेवा की शुरुआत 30 जुलाई से हुई थी. पहले चरण में 10 बसों को सड़कों पर उतारा गया. इसके बाद 18 अगस्त को दूसरे चरण में 10 और बसें शुरू की गईं. अब तीसरे चरण के तहत 10 नई बसें सेवा में शामिल की जा रही हैं.
इन बसों का संचालन B-35, B-36 और B-37 रूट पर किया जाएगा. इन रूटों के जरिए शहर के पश्चिमी हिस्से को कोलार, एमपी नगर, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और आईएसबीटी जैसे प्रमुख स्थानों से जोड़ा जाएगा.
B-35 रूट पर इन इलाकों से गुजरेगी बस
B-35 ई-बस चिरायु अस्पताल, बैरागढ़ से चलकर आकृति इकोसिटी, सलैया तक जाएगी. इस दौरान बस लालघाटी, हमीदिया अस्पताल, एमपी नगर मेट्रो स्टेशन, बिट्टन मार्केट और बावड़िया चौराहा समेत कई प्रमुख स्थानों पर रुकेगी.
B-36 से कोलार रोड तक सफर होगा आसान
B-36 रूट की बस कोच फैक्ट्री रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से रवाना होकर बैरागढ़ चिचली होते हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, कोलार रोड तक पहुंचेगी. इस मार्ग में अशोका गार्डन, बोर्ड ऑफिस, एमपी नगर, चूनाभट्टी और मंदाकिनी जैसे प्रमुख स्टॉप शामिल हैं.
B-37 रूट से आईएसबीटी तक कनेक्टिविटी
B-37 ई-बस बैरागढ़ ई-बस डिपो से शुरू होकर लालघाटी, हमीदिया अस्पताल, रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-6, वल्लभ भवन और बोर्ड ऑफिस होते हुए आईएसबीटी तक जाएगी. इससे इन इलाकों के यात्रियों को सीधे कनेक्टिविटी मिलेगी.
चलो ऐप पर मिलेगी बस की लाइव जानकारी
यात्रियों को बस के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए चलो ऐप की सुविधा भी उपलब्ध है. ऐप के जरिए यात्री बस की लाइव लोकेशन देख सकेंगे. साथ ही यह जानकारी भी मिल सकेगी कि बस संबंधित स्टॉप पर कितनी देर में पहुंचने वाली है. इससे यात्रा की प्लानिंग करना आसान होगा और बस स्टॉप पर अनावश्यक इंतजार से भी राहत मिलेगी







