बैतूल/ सचिन जैन/ खबर डिजिटल/ जिले की जिला जेल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रिहाई से कुछ घंटे पहले ही सजायाफ्ता कैदी की मौत हो गई। मृतक कैदी की पहचान प्रकाश सातपुते निवासी प्रभातपट्टन, जिला बैतूल के रूप में हुई है।
सात वर्ष की सजा हुई थी पूरी
प्रकाश सात वर्ष की सजा पूरी कर चुका था और आज उसकी रिहाई होने वाली थी। इसी बीच अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान प्रकाश की मौत हो गई।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। जिला अस्पताल प्रशासन ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, जिला जेल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
परिजनों को दी सूचना
प्रकाश के परिजनों को सूचना भेज दी गई है। घटना के बाद से परिजन और स्थानीय लोग कई सवाल उठा रहे हैं कि आखिर रिहाई से ठीक पहले ऐसी स्थिति कैसे बनी।फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस व जेल प्रशासन तथ्य जुटाने में लगा है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तय होगी।







