डेस्क। बैतूल में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। कोतवाली पुलिस ने जिला कांग्रेस प्रवक्ता विजय पारधी की शिकायत पर पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता नवनीत मालवीय, मनोज मालवे, सलमान खान और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
यह कार्यक्रम 18 जुलाई को शहर के जैन दादावाड़ी परिसर में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद थे।
शिकायत में मारपीट और धमकी देने का आरोप
एफआईआर के अनुसार, फरियादी विजय पारधी जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आमला के अध्यक्ष हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 18 जुलाई की शाम करीब 5 बजे वह संगठन सृजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
उनका आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान नवनीत मालवीय ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर सुखदेव पांसे, नवनीत मालवीय, मनोज मालवे, सलमान खान और अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया।
जातिसूचक टिप्पणी करने का भी आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने सार्वजनिक रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उनका अपमान किया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद विवाद शांत हुआ।
एससी-एसटी एक्ट और बीएनएस के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने शिकायत के आधार पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्ष के आधार पर की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें…







