खबर डिजिटल न्यूज़ बरही/कटनी-- वाराणसी से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर परिवार सहित लौट रहे बरही के वरिष्ठ पत्रकार विकास ताम्रकार और उनकी पत्नी सोनम ताम्रकार की उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे बरही क्षेत्र सहित पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव के समीप नेशनल हाईवे पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और विकास ताम्रकार व उनकी पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे में कार चालक हीरालाल (निवासी छिदिया टोला, बरही), मृतक के साले हिमांशु (27) निवासी उचेहरा, जिला सतना, भांजे सक्षम (17) निवासी नागौद तथा बहन राधा (40) निवासी नागौद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।बताया गया है कि विकास ताम्रकार अपने बेटे के मुंडन संस्कार एवं अपना जन्मदिन मनाने के लिए परिवार के साथ शुक्रवार को वाराणसी गए थे। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद शनिवार रात बरही लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में उनके दोनों बच्चे सुरक्षित हैं।एक ही पल में खुशियों से भरा परिवार गहरे शोक में डूब गया। पत्रकार विकास ताम्रकार के असामयिक निधन से पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों और बरही क्षेत्र में शोक का माहौल है। उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
वाराणसी से लौटते समय दर्दनाक हादसा: बरही के पत्रकार विकास ताम्रकार व पत्नी की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया







