Bargi Dam News: बरगी बांध के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ रही है। बांध की सुरक्षा और जल स्तर को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने जल निकासी बढ़ाने का फैसला लिया है।
बरगी बांध के 13 गेट खुले, नर्मदा में बढ़ाई गई जल निकासी
26 सितंबर की सुबह 11 बजे से बांध के 9 गेटों को औसतन 1.83 मीटर ऊंचाई तक खोलकर लगभग 2,522 क्यूमेक पानी मां नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा था। हालांकि, पानी की आवक को देखते हुए दोपहर 3:00 बजे से जल निकासी को और बढ़ाते हुए कुल 13 गेटों को औसतन 1.88 मीटर तक खोला गया है, जिससे मां नर्मदा में लगभग 3,752 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है।
नागरिक सतर्क रहें और सावधानियां बरतें
जल निकासी में इस बढ़ोतरी के चलते मां नर्मदा के तटीय घाटों पर जल स्तर लगभग 12 से 14 फीट तक बढ़ने की संभावना जताई गई है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष एवं सहायक यंत्री की ओर से सर्वसाधारण और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे नर्मदा नदी के घाटों एवं तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बांध में पानी की आवक के अनुसार जल निकासी की मात्रा को परिस्थिति के अनुरूप कभी भी घटाया या बढ़ाया जा सकता है, इसलिए सभी नागरिक सतर्क रहें और सावधानियां बरतें।







