रीवा/अरविन्द तिवारी/ कब्रिस्तान की जमीन पर बुलडोजर चलाने का आरोप, सीमांकन की मांग, चौखंडी में विद्यालय निर्माण को लेकर जमीन विवाद, मुस्लिम परिवार बोले- विद्यालय बने, लेकिन कब्रिस्तान की जमीन सुरक्षित रहे।
रीवा के चौखंडी में विद्यालय निर्माण को लेकर जमीन विवाद गहराता जा रहा है। मुस्लिम परिवारों ने कथित कब्रिस्तान की जमीन पर बुलडोजर चलाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सीमांकन की मांग की है। परिवारों का कहना है कि वे विद्यालय निर्माण के विरोध में नहीं हैं,
लेकिन राजस्व रिकॉर्ड की जांच के बाद ही निर्माण होना चाहिए। मामला जवा तहसील के चौखंडी गांव का है, जहां 25 अक्टूबर को सरस्वती शिशु मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन हुआ था। इसके बाद जमीन के स्वामित्व और उपयोग को लेकर सवाल उठे हैं। परिवारों का दावा है कि संबंधित भूमि का इस्तेमाल लंबे समय से कब्रिस्तान के रूप में होता रहा है।
वहीं, जमीन की वास्तविक स्थिति राजस्व अभिलेखों और आधिकारिक सीमांकन से ही स्पष्ट होगी। अब सवाल है कि प्रशासन विवादित भूमि की जांच और सीमांकन कब कराएगा? ताकि कब्रिस्तान के दावे की सच्चाई सामने आए और विद्यालय निर्माण भी नियमानुसार आगे बढ़ सके।







