World Diabetes Day: डायबिटीज अब केवल बुजुर्गों की बीमारी नहीं रह गई है, बल्कि मां के गर्भ में पल रहे शिशु से लेकर युवाओं और बच्चों तक इसका दायरा तेजी से फैल रहा है. विश्व मधुमेह दिवस के मौके पर एम्स भोपाल में हुए एक विशेष कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने जीवन के हर चरण में इस बीमारी के बढ़ते खतरों और उससे बचाव के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की. विशेषज्ञों का मानना है कि बदलती जीवनशैली और खानपान की गलत आदतें इस गंभीर समस्या को न्योता दे रही हैं, जिस पर समय रहते ध्यान देना बेहद जरूरी है.
गर्भावस्था के दौरान शुगर पर नियंत्रण जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार, प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं में ब्लड शुगर का स्तर नियंत्रित रखना बहुत अहम होता है, जिसके लिए जरूरत पड़ने पर इंसुलिन का सहारा भी लिया जाता है. डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बच्चे के जन्म के बाद भी महिलाओं को अपनी नियमित जांच करवाते रहना चाहिए, क्योंकि जिन महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान शुगर की शिकायत होती है, उन्हें भविष्य में भी यह बीमारी होने का काफी खतरा रहता है.
मासूम बच्चों को भी अपनी चपेट में ले रही डायबिटीज
कभी बड़ों तक सीमित रहने वाली टाइप-2 डायबिटीज अब छोटे बच्चों को भी तेजी से अपना शिकार बना रही है. भोपाल के बड़े सरकारी अस्पतालों जैसे हमीदिया, एम्स और जेपी अस्पताल की ओपीडी से चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. कुछ साल पहले तक 10 साल से कम उम्र के बच्चों में सिर्फ टाइप-1 डायबिटीज यानी ऑटोइम्यून बीमारी ही दिखती थी, लेकिन अब खराब लाइफस्टाइल की वजह से टाइप-2 डायबिटीज और फैटी लिवर जैसी समस्याएं भी आम हो गई हैं. आंकड़ों के मुताबिक, पिछले चार-पांच वर्षों में बाल मरीजों की संख्या काफी बढ़ी है और लगभग दो प्रतिशत बच्चे टाइप-2 डायबिटीज की गिरफ्त में हैं. अकेले भोपाल के अस्पतालों में हर रोज 8 से 10 बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि एक डॉक्टर के पास हर महीने 10 से 15 नए मामले आ रहे हैं.
मोटापा और पैरों के जख्म बन रहे जी का जंजाल
कार्यक्रम में बढ़ते मोटापे को नियंत्रित करने और वजन घटाने की नई दवाओं पर भी चर्चा की गई. डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि डायबिटीज के मरीजों को पैरों के छोटे-मोटे घावों या संक्रमण को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि समय पर इलाज न मिलने पर शरीर के अंगों को भारी नुकसान पहुंच सकता है. एम्स भोपाल के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. नरेंद्र कोतवाल ने लोगों से अपील की है कि वे चिकित्सीय सलाह का सख्ती से पालन करें और समय-समय पर अपनी जांच जरूर करवाएं. विशेषज्ञों ने खास तौर पर गर्भवती महिलाओं और 30 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को नियमित रूप से हेल्थ चेकअप करवाने की सलाह दी है.









