नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म 'रामायण' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है. खास बात यह है कि फिल्म का क्रेज सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी इसकी चर्चा हो रही है. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने लोगों का ध्यान खींच लिया है. इसमें कराची के हिंदू समुदाय के लोग रणबीर कपूर की फिल्म का पोस्टर लेकर जश्न मनाते और 'जय श्री राम' के जयकारे लगाते नजर आ रहे हैं. ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते लोगों का यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है.
कराची की सड़कों पर गूंजे जय श्री राम के जयकारे
यह वीडियो सुमित चांगरा नाम के यूट्यूबर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है. वीडियो में कराची में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोग हाथों में 'रामायण' का पोस्टर लेकर सड़कों पर निकलते दिखाई दे रहे हैं. माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आ रहा है. लोग ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाच रहे हैं और पूरे जोश के साथ भगवान श्रीराम के जयकारे लगा रहे हैं. फिल्म को लेकर उनका उत्साह साफ दिखाई दे रहा है.
इस जश्न के दौरान कई महिलाएं 'मेरे घर राम आए हैं' भजन गाती भी नजर आईं. वीडियो में एक महिला फैन ने रणबीर कपूर के लिए अपना प्यार जाहिर किया. उन्होंने कहा कि रणबीर उनके पसंदीदा कलाकारों में से एक हैं. साथ ही उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि रणबीर कपूर पर उनकी कृपा बनी रहे और उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हो.
मंदिर में लगाया 'रामायण' का पोस्टर, ऑस्कर तक पहुंचने की जताई उम्मीद
सड़कों पर जश्न मनाने के बाद लोगों ने कराची के एक ऐतिहासिक मंदिर में भी फिल्म का पोस्टर लगाया. वीडियो शेयर करने वाले यूट्यूबर ने 'रामायण' की पूरी स्टार कास्ट को बधाई दी और फिल्म की सफलता की कामना की. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म सुपरहिट होने के साथ-साथ ऑस्कर तक भी पहुंचेगी. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने 'सियावर रामचंद्र की जय' के नारे लगाकर अपना उत्साह जाहिर किया.
5 नवंबर को रिलीज होगी 'रामायण पार्ट 1'
फिल्म को लेकर चर्चा उस वक्त और तेज हो गई, जब 27 अक्टूबर 2026 को अमेरिका के लॉस एंजिल्स में इसके ग्रैंड प्रीमियर की खबर सामने आई. बताया गया कि स्क्रीनिंग में मौजूद लोगों ने रणबीर कपूर और यश की परफॉर्मेंस की तारीफ की. यह माइथोलॉजिकल ड्रामा दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा. 'रामायण पार्ट 1' की रिलीज डेट 5 नवंबर 2026 बताई गई है. वहीं, दूसरे पार्ट को अगले साल दिवाली पर रिलीज करने की योजना की चर्चा है. हालांकि, दूसरे पार्ट की रिलीज को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. फिलहाल कराची से सामने आया वीडियो दिखाता है कि इस फिल्म को लेकर भारत के बाहर भी लोगों में दिलचस्पी देखने को मिल रही है.







