भोपाल/खबर डिजिटल/ वाराणसी में CM मोहन यादव ने नवनिर्मित गोवर्धनधारी मंदिर का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि जिस प्रकार अयोध्या में भगवान श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं, उसी प्रकार आने वाले समय में भगवान गोपाल कृष्ण भी मुस्कुराएंगे। सीएम मोहन यादव ने वाराणसी में मां गंगा के किनारे नमो घाट पर गोवर्धन पूजा में सहभागिता कर भगवान गोवर्धन के दर्शन किए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10 नवंबर को वाराणसी में आयोजित अखिल भारतीय गोवर्धन पूजन में सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित गोवर्धनधारी मंदिर का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का 5 हजार वर्ष पुराना इतिहास हम सभी को धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि तमाम कठिनाइयों के बावजूद हौसला बनाए रखते हुए संघर्ष करना चाहिए और सदैव सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के विविध रूपों में गोवर्धन का रूप प्रकृति पूजन और इंद्र के घमंड को चूर करने का संदेश देता है। मैं सभी देश और प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूं।









