वैश्विक शांति सूचकांक में भारत पांच स्थान फिसला, आईसलैंड सबसे अव्वल

वैश्विक शांति सूचकांक में भारत इस साल पांच स्थान फिसल कर 141वें स्थान पर आ गया। आइसलैंड सबसे शांत देश बना हुआ है जबकि अफगानिस्तान को सबसे अशांत देश माना गया है। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी। ऑस्ट्रेलिया का शोध संस्थान इंस्टीट्यूट फोर इकोनॉमिक्स एंड पीस यह सूचकांक जारी करता है। इसमें 163 देशों का विविध पैमानों पर मूल्यांकन किया जाता है।

रिपोर्ट के अनुसार, आइसलैंड 2008 से सबसे शांत देश बना हुआ है। इसके बाद न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रिया, पुर्तगाल और डेनमार्क का स्थान रहा। सबसे अशांत देश के रूप में इस बार अफगानिस्तान का नाम आया है। पिछले साल सीरिया को सबसे अशांत देश बताया गया था। इस साल सीरिया दूसरा सबसे अशांत देश बताया गया है। पांच सबसे अशांत देशों में इन दोनों के अलावा दक्षिणी सूडान, यमन और इराक शामिल रहे।

दक्षिण एशिया में भूटान सबसे शांत देश है। वैश्विक स्तर पर भूटान 15वें स्थान पर रहा। इसके अलावा श्रीलंका 72वें, नेपाल 76वें और बांग्लादेश 101वें स्थान पर रहा। पाकिस्तान का स्थान 153वां रहा। सर्वाधिक सैन्य खर्च के मामले में भारत, अमेरिका, चीन, सउदी अरब और रूस पांच शीर्ष देश रहे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment