मुंबई में फुट ओवर ब्रिज गिरने से 6 की मौत, कई घायल, मचा हड़कंप

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के छत्रपति शिवाजी CST स्टेशन के पास फुट ओवर ब्रिज का एक हिस्सा अचानक गिरने से करीब 6 लोगों की मौत हो गयी। इस घटना में करीब 40 लोग घायल होने की खबर हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज

मामले में आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में आईपीसी धारा 304 ए (लापरवाही से मौत) के तहत मध्य रेलवे और बीएमसी के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा, 'मैंने उच्च स्तरीय जांच का आदेश दे दिया है। इस तरह के हादसे ऑडिट प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हैं।' 

गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि हादसा गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। जिस वक्त यह घटना हुई पीक आवर होने के कारण पुल के नीचे बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ब्रिज के मलबे में कई लोग दब गए और यहां मौजूद कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। दूसरी ओर मौके पर पहुंची एनडीआरएफ, रेलवे और मुंबई पुलिस की टीमों ने तत्काल घायलों को सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल और गोकुलदास तेजपाल अस्पताल में पहुंचाया। 

मृतकों के परिवार को 5 लाख के मुआवजे का ऐलान 

पुलिस द्वारा जारी लिस्ट के अनुसार हादसे में अपूर्वा प्रभु, रंजना तांबे, जाहिद शिराज खान, मोहन भक्ति शिंदे और तपेंद्र सिंह नाम के छह लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा 34 अन्य लोग घायल हैं, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र सरकार की ओर से सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। 

पीएम नरेंद्र मोदी ने भी जताया दु:ख 

वहीं हादसे पर दु:ख जताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने घटना के बाद अपने ट्वीट में लिखा, मुंबई में हुए ब्रिज हादसे के कारण हुई लोगों की मौत की खबर सुनकर बेहद दु:खी हूं। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और मैं इस घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। महाराष्ट्र सरकार इस हादसे में हताहत सभी लोगों को हर संभव मदद दे रही है।' 

Share:


Related Articles


Leave a Comment